✖

हैनलन का उस्तरा: बुरी नीयत से अधिक संभावना मूर्खता की

हैनलन का उस्तरा (Hanlon's razor) हमें बताता है कि हमें दूसरों से सबसे बुरे की अपेक्षा नहीं करनी चाहिए। हैनलन के उस्तरे को प्रायः इस सूक्ति से बताया जाता है:

जहाँ मूर्खता ही पर्याप्त व्याख्या हो, वहाँ बुरी नीयत मत ढूँढ़िए।

हम मनुष्यों में अक्सर दुनिया को सबसे बुरे रंगों में देखने और दूसरे लोगों से केवल बुरे की उम्मीद करने की प्रवृत्ति होती है। रेस्तराँ में वेटर ने हम पर लस्सी गिरा दी? ज़रूर उसने जान-बूझकर किया, क्योंकि हम उसे नमस्ते कहना भूल गए थे। बॉस ने हमारी छुट्टी मंज़ूर नहीं की? ज़रूर वे तिमाही के ख़राब नतीजों का बदला ले रही हैं। मार्स क्लाइमेट ऑर्बिटर (Mars Climate Orbiter) यान मंगल के वायुमंडल में जल गया? ज़रूर किसी ने NASA के वैज्ञानिक काम में तोड़फोड़ की!

ऐसे मामलों में बुरी नीयत देखना आसान है, क्योंकि इससे हमें जो हुआ उसकी एक साफ़-सुथरी व्याख्या मिल जाती है। जो वेटर उस रेस्तराँ में पाँच साल से काम कर रहा है, वह इतना बेवकूफ़ तो नहीं हो सकता कि हम पर लस्सी गिरा दे, इसमें कोई बुरी नीयत होनी ही चाहिए! वास्तव में कहीं अधिक संभावना यह है कि वह उस पानी पर फिसल गया, जो बगल की मेज़ पर बैठे बच्चे ने गिरा दिया था, और लस्सी उससे ग़लती से गिर गई। अधेड़ उम्र की बॉस की कंप्यूटर से ज़्यादा बनती नहीं और उन्हें नोटिफ़िकेशन चालू करना नहीं आता। इसलिए उन्हें उस छुट्टी का पता ही नहीं, जिसके लिए हमने सिस्टम में आवेदन किया था। और क्लाइमेट ऑर्बिटर यान? वह सचमुच 1999 में मंगल के वायुमंडल में जल गया, क्योंकि दो टीमें (NASA और यान बनाने वाली कंपनी लॉकहीड मार्टिन) इस पर सहमत नहीं हो पाईं कि वे मीट्रिक प्रणाली (यानी मीटर, किलोग्राम आदि) का उपयोग करेंगी या इंपीरियल प्रणाली (यानी फ़ुट, पाउंड आदि) का। अंत में हर टीम ने ग़लती से अलग प्रणाली का उपयोग किया, और इसी कारण दुर्घटना हुई।

क्या आप स्वयं बुरे हैं?

इसे आप अपने ऊपर लागू करके देख सकते हैं: कितनी बार ऐसा हुआ कि आपने किसी को जान-बूझकर चोट पहुँचाई, कि आपकी नीयत बुरी थी? और कितनी बार आप बस कुछ भूल गए? कुछ आपकी नज़र से छूट गया? यदि आप मनोरोगी नहीं हैं, तो बुरी नीयत की तुलना में असावधानी, लापरवाही या मूर्खता से ग़लतियाँ कहीं अधिक बार होती हैं।

इसी तरह अलग-अलग षड्यंत्र सिद्धांतों को भी देखा जा सकता है। हम सोच सकते हैं कि सरकार, नेता और हमारे आसपास के सभी लोग हमें धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं, कि सब हमें ग़ुलाम बनाने के लक्ष्य से काम कर रहे हैं। जब भी हम सोचें कि वे इतने मूर्ख तो नहीं हो सकते कि XYZ कर दें, तो हैनलन का उस्तरा याद कीजिए: कहीं अधिक संभावना यही है कि वे सचमुच इतने मूर्ख हैं।

क्या दुनिया में सचमुच बुराई नहीं है?

बेशक दुनिया में बुराई है। हैनलन का उस्तरा बस यह कहता है कि जब हम किसी समस्या से टकराएँ, तो बुरी नीयत का विचार हमारे मन में सबसे पहले नहीं आना चाहिए। अधिकतर किसी की बुरी नीयत की तुलना में किसी की अक्षमता या भूल अधिक संभावित व्याख्या होती है। पर कभी-कभी सचमुच मुख्य कारण किसी की बुरी नीयत ही होती है। दुनिया रहने के लिए कोई पूर्ण जगह नहीं है।

स्रोत और आगे पढ़ने के लिए

विषय-सूची: ऑकम का उस्तरा: सरल व्याख्या प्रायः सही होती है, हैनलन का उस्तरा: बुरी नीयत से अधिक संभावना मूर्खता की